#uttarakhand newsउत्तराखंडराजनीतिक दल

राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर असमंजस की स्थिति, गोदियाल ने कहा नहीं हुई अनुमति रद 

देहरादून: आगामी 17 जुलाई को देहरादून के परेड ग्राउंड में राहुल गांधी का कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 8 जुलाई को अनुमति मांगी थी, जिस पर नगर निगम और जिला प्रशासन ने अनुमति भी दे दी थी। इसी बीच कहा गया कि परेड ग्राउंड में कार्यक्रम की अनुमति रद कर दी गई है, जिस पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का कहना है कि उन्हें कार्यक्रम की परमिशन रद करने से लेकर कोई लिखित में पत्र नहीं मिला है। साथ ही साफ किया कि कार्यक्रम स्थल नहीं बदला गया है।

देहरादून के परेड ग्राउंड में प्रस्तावित है छात्रों की गूंज कार्यक्रम: दरअसल, 17 जुलाई को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का परेड ग्राउंड में छात्रों के साथ संवाद यानी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम होना है। ऐसे में प्रदेश कांग्रेस लगातार राहुल गांधी के दौरे को लेकर तैयारियां कर रही है। कार्यक्रम में छात्रों से संवाद के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाया गया है। ऐसे में टेंट लगाने के लिए तमाम गाड़ियां परेड ग्राउंड पहुंच गई है। कहा जा रहा था कि ट्रकों को अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली है, जिस पर गणेश गोदियाल का कहना है कि ट्रकों को प्रवेश न मिलने का कारण केवल यह है कि हमारी अनुमति निर्धारित तिथि से प्रभावी है।

15 से 17 जुलाई तक की ली है परमिशन: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने साफ किया है कि राहुल गांधी के साथ छात्रों के संवाद कार्यक्रम के लिए कांग्रेस ने परेड ग्राउंड के लिए 15 से 17 तारीख तक प्रशासन से परमिशन ली हुई है। परेड ग्राउंड में आयोजित होने जा रहे राहुल गांधी के संवाद कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस पार्टी ने नगर निगम को 1 लाख 77 हजार रुपए की धनराशि जमा कराई है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस का यह कार्यक्रम तय समय पर होने जा रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button