पाक के खिलाफ जंगी कार्रवाई को लेकर उत्तराखंड भी तैयार
-मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उच्चाधिकारियों के साथ की सचिवालय में की बैठक, सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता और जरूरी चीजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में भारत द्वारा आतंकवाद के विरुद्ध की जा रही सख़्त कार्रवाई के दृष्टिगत राज्य के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की।
मुख्यमंत्री ने बैठक में सभी अधिकारियों को प्रत्येक परिस्थिति के लिए पूरी तरह से तैयार रहने एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के साथ ही वहां तैनात प्रशासनिक इकाइयों को चौकस रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रदेश के सभी अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में जीवन रक्षक दवाइयां, सर्जिकल उपकरण और अन्य आवश्यक चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को राज्य में आवश्यक खाद्य सामग्री, राशन और पीने के पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव दलों को भी तैयार रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।
मुख्यमंत्री ने अफवाहों से बचने और जनता को सही समय पर जानकारी देने के लिए सूचना विभाग को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा राज्य सरकार के लिए देवतुल्य जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और सरकार किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। इस दौरान मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, सचिव गृह शैलेश बगौली, एडीजी ए.पी अंशुमान आदि मौजूद रहे।
————————
ऊर्जा निगम में सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद
देहरादून: उत्तराखंड ऊर्जा निगम ने आदेश जारी कर सभी अवकाश पर गए कार्मिकों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद कर दी हैं। साथ ही किसी भी कर्मचारी को बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर भी रोक लगा दी गई है।
निगम के निदेशक की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि केवल अपरिहार्य परिस्थितियों में ही अवकाश स्वीकृत किया जाएगा और वह भी मुख्यालय या मुख्य अभियंता स्तर से अनुमति मिलने के बाद ही मान्य होगा।
बता दें यह कदम आपातकालीन स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए उठाया है। निगम ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं।
—————————-
स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टियां रद
देहरादून: भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच देश भर में अलर्ट है। उत्तराखंड सरकार ने जहां अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टी कैंसिल कर रखी है, तो वहीं आपदा कंट्रोल रूम में भी 24 घंटे अधिकारियों को तैनात रहने के निर्देश दिए है। डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टियां भी कैंसिल कर दी गई हैं।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सभी अधिकारियों को हर परिस्थिति के लिए पूरी तरह से तैयार रहने और सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात प्रशासनिक इकाइयों को अलर्ट रखने को कहा गया है।