कांवड़ यात्रा तक ‘देवबंद शुद्धिकरण’ कार्यक्रम स्थगित, फिर होगा तारीख का ऐलान, कानूनी लड़ाई भी लड़ेगा हिंदू रक्षा दल
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में दारुल उलूम देवबंद के परिसर के नीचे प्राचीन शिवलिंग होने का दावा हिंदू रक्षा दल द्वारा किया गया है
देहरादून: हिंदू रक्षा दल ने 11 अगस्त को देवबंद पहुंचकर शुद्धिकरण कार्यक्रम की घोषणा की थी। इसके लिए हिंदू रक्षा दल के सदस्य हरिद्वार की हरकी पैड़ी से गंगाजल लेने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के बीच गंगाजल लेकर देवबंद जाने से कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई। इसके बाद संगठन ने कांवड़ यात्रा तक कार्यक्रम स्थगित कर दिया। हिंदू रक्षा दल का दावा है कि गंगाजल टपकेश्वर महादेव मंदिर में चढ़ाया गया है और कुछ गंगाजल कार्यालय में सुरक्षित रखा गया है। अब 11 अगस्त के बाद नई तारीख तय होगी।
कांवड़ यात्रा तक देवबंद शुद्धिकरण कार्यक्रम स्थापित: देवबंद जाकर गंगाजल से शुद्धिकरण करने के हिंदू रक्षा दल के ऐलान के बाद पुलिस और खुफिया विभाग अलर्ट हो गया। कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने संगठन के इस कार्यक्रम को रोकने के प्रयास शुरू कर दिए। हिंदू रक्षा दल के सदस्यों का हरिद्वार की हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर पैदल देवबंद जाने का कार्यक्रम था, लेकिन पुलिस ने हरकी पैड़ी पर ही उन्हें रोक दिया। प्रशासन और पुलिस के साथ बातचीत के बाद फिलहाल इस कार्यक्रम को कांवड़ यात्रा तक स्थगित कर दिया गया है।
देवबंद परिसर में शिवलिंग होने का दावा: दरअसल पूरा मामला देवबंद में एक परिसर के भीतर जमीन के नीचे शिवलिंग होने के दावे से जुड़ा है। हिंदू रक्षा दल की ओर से इस संबंध में दावा किया गया और इसके बाद संगठन ने देवबंद जाकर गंगाजल से परिसर के शुद्धिकरण का ऐलान किया था। संगठन की ओर से तय कार्यक्रम के मुताबिक 9 अगस्त को हरिद्वार की हरकी पैड़ी से गंगाजल भरकर पैदल यात्रा शुरू की जानी थी। इसके बाद 11 अगस्त को देवबंद पहुंचकर गंगाजल से शुद्धिकरण किए जाने की बात कही गई थी।
पुलिस और खुफिया विभाग सतर्क: कार्यक्रम की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस विभाग के साथ खुफिया तंत्र भी सक्रिय हो गय। पुलिस को आशंका थी कि कांवड़ यात्रा के बीच हरिद्वार से देवबंद तक इस तरह का कार्यक्रम कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकता है। खास तौर पर बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रियों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस और प्रशासन किसी भी तरह की स्थिति को लेकर सतर्क नजर आया।
हिंदू रक्षा दल को देवबंद जाने से रोका गया: इसी के तहत हिंदू रक्षा दल के सदस्यों को हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर देवबंद जाने से रोक दिया गया बताया गया कि प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने संगठन के पदाधिकारियों के साथ बातचीत की। इस दौरान अधिकारियों की ओर से साफ तौर पर कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताई गई। पुलिस-प्रशासन के रुख के बाद हिंदू रक्षा दल ने फिलहाल 11 अगस्त को प्रस्तावित देवबंद शुद्धिकरण कार्यक्रम को स्थगित करने का फैसला लिया है।



