#uttarakhand newsउत्तराखंडकार्रवाईक्राइम

हाकम सिंह की 63.30 लाख रुपए की संपत्ति कुर्क 

यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, मनी लॉन्ड्रिंग के तहत हुई कार्रवाई 

देहरादून: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के तहत करीब 63 लाख 30 हजार रुपये मूल्य की चल एवं अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया है। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम यानी पीएमएलए 2002 के तहत की गई है।

ईडी के मुताबिक, मामले की जांच वर्ष 2021 की स्नातक स्तरीय वीडीओ/वीपीडीओ भर्ती परीक्षा पेपर लीक और वर्ष 2016 की वीडीओ/वीपीडीओ परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर दर्ज FIR के आधार पर शुरू हुई थी।

जांच में सामने आया कि हाकम सिंह रावत के नेतृत्व में एक संगठित गिरोह ने परीक्षा की प्रिंटिंग एजेंसी आरएमएस टेक्नो सोल्यूशन प्रालि के कर्मचारियों, कुछ लोक सेवकों, बिचौलियों और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर गोपनीय प्रश्नपत्र लीक कर भर्ती प्रक्रिया में व्यापक हेरफेर किया। आरोप है कि अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेकर उन्हें प्रश्नपत्र उपलब्ध कराए गए और इस अवैध कमाई से चल-अचल संपत्तियां खरीदी गईं।

ईडी के अनुसार, हाकम सिंह रावत ने अभ्यर्थियों से करीब 95 लाख रुपये प्राप्त किए। जांच में उनके बैंक खातों में घोषित आय से अधिक नकद जमा, आयकर रिटर्न में कृषि आय दर्शाकर अवैध धन को वैध साबित करने के प्रयास और अन्य वित्तीय लेन-देन के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग के साक्ष्य मिले हैं।

ईडी ने बताया कि 14 ठिकानों पर तलाशी के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल उपकरण, संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड और नकदी बरामद की गई थी। वहीं, उत्तराखंड पुलिस की एसआईटी द्वारा दाखिल कई चार्जशीट में भी हाकम सिंह रावत और उसके सहयोगियों की भूमिका का उल्लेख किया गया है।

ईडी ने इस मामले में पहले ही विशेष न्यायालय, देहरादून में अभियोजन शिकायत दाखिल कर दी है। एजेंसी के मुताबिक, भर्ती घोटाले से जुड़े धन के स्रोत, लेन-देन और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच अभी जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button