केदारनाथ-बदरीनाथ हाईवे पर जबरदस्त जाम, यात्री परेशान
चमोली: उत्तराखंड में इन दिनों चारधाम यात्रा चल रही है. चारधाम यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इस जबरदस्त फुटफॉल का असर सड़कों पर भी देखा जा रहा है। चारधाम यात्रा मार्गों पर भयंकर जाम वाली तस्वीरें सामने आ रही हैं। केदारनाथ और बदरीनाथ हाईवे पर आए दिन जाम लग रहा है, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ताजा तस्वीरें जोशीमठ से सामने आई हैं। यहां लगे जाम की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
बदरीनाथ धाम के साथ अब हेमकुंड साहिब यात्रा भी शुरू हो चुकी है। यात्रा के इस रूट पर जाम ने श्रद्धालुओं की समस्या को बढ़ा दिया है। जोशीमठ से मारवाड़ी तक बीते चार दिनों से भीषण जाम लग रहा है, जिससे चारधाम यात्रियों के साथ हेमकुंड साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं को घंटों सड़क पर फंसे रहना पड़ा। जोशीमठ के जीरो बैंड से लेकर मारवाड़ी तक करीब 8 किलोमीटर लंबे मार्ग पर सड़क संकरी होने के कारण दिनभर और देर रात तक जाम की स्थिति बनी रही।
चारधाम यात्रा में बढ़ती भीड़ और लगातार वाहनों के दबाव ने पुलिस और प्रशासन के भी पसीने छुड़ा दिए हैं, जिसे देखते हुए अब प्रशासन ने इस समस्या से निपटने के लिए जोशीमठ में गेट सिस्टम और वन-वे व्यवस्था लागू कर दी है, जिससे यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
बताया जा रहा है कि जोशीमठ के पेट्रोल पंप से लेकर मारवाड़ी तक अब गेट सिस्टम लागू कर दिया गया है। इसके तहत एक समय में केवल एक दिशा से वाहनों को छोड़ा जाएगा जबकि दूसरी दिशा के वाहनों को रोका जाएगा. आधे-आधे घंटे के अंतराल में दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही कराई जाएगी।



