#uttarakhand newsउत्तराखंडकाम की खबर

समाज के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है पत्रकारिता: गोविंद पंत 

उत्तरांचल प्रेस क्लब ने वरिष्ठ पत्रकार गोविंद पंत राजू का किया सम्मान

देहरादून: उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित एक गरिमामय समारोह में देश के वरिष्ठ पत्रकार गोविंद पंत राजू को पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके चार दशक से अधिक के उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पत्रकारों, और प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने उनकी साहसिक, निष्पक्ष और जनपक्षधर पत्रकारिता को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों ने उनके अनुभवों को और पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर भी चर्चा की।

सम्मान ग्रहण करने के बाद गोविंद पंत राजू ने अपने जीवन की पत्रकारिता यात्रा साझा करते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल खबर लिखने या प्रसारित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पत्रकार का सबसे बड़ा दायित्व सत्ता और समाज के बीच सच को ईमानदारी के साथ सामने लाना है। उन्होंने युवा पत्रकारों से आग्रह किया कि वे तकनीक के इस दौर में भी तथ्यों की पुष्टि, निष्पक्षता और जनहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें।

पत्रकारिता की औपचारिक शुरुआत उन्होंने प्रतिष्ठित साप्ताहिक नैनीताल समाचार से की। इसके बाद उन्होंने जनसत्ता, जनमान और नवभारत टाइम्स जैसे प्रमुख समाचार पत्रों के लिए कार्य किया। उस दौर में आधुनिक संचार सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं, फिर भी वे टेलीग्राफी के माध्यम से समाचार भेजते रहे। उनकी मेहनत, तथ्यपरक लेखन और निष्पक्ष रिपोर्टिंग ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। इसी दौरान उन्होंने इतिहास में पीएचडी भी पूरी की तथा कुछ समय अध्यापन कार्य भी किया, लेकिन उनका मन हमेशा पत्रकारिता में ही रमा रहा।

उनके पत्रकारिता जीवन का सबसे ऐतिहासिक अध्याय तब जुड़ा, जब उनका चयन भारतीय अंटार्कटिका अभियान के लिए हुआ। वे ’’अंटार्कटिका से रिपोर्टिंग करने वाले भारत के पहले पत्रकार’’ बने। विषम मौसम, माइनस तापमान और सीमित संसाधनों के बीच भारतीय वैज्ञानिकों के साथ रहकर उन्होंने वहां हो रहे जलवायु परिवर्तन, ग्लेशियरों और वैज्ञानिक अनुसंधानों को देश-दुनिया तक पहुंचाया। उनकी रिपोर्टिंग ने लोगों को यह समझाया कि अंटार्कटिका केवल बर्फ का विशाल क्षेत्र नहीं, बल्कि पूरी पृथ्वी के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण भूभाग है।

पत्रकारिता के साथ-साथ फोटोग्राफी, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक आंदोलनों में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वे चिपको आंदोलन से जुड़े रहे तथा ‘पहाड़’ पत्रिका के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे। कई राष्ट्रीय संस्थानों द्वारा उन्हें उत्कृष्ट पत्रकारिता और फोटोग्राफी के लिए सम्मानित किया जा चुका है।

उत्तरांचल प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने कहा कि गोविंद पंत राजू का जीवन संघर्ष, साहस और समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि अंटार्कटिका से लेकर देश के संवेदनशील इलाकों तक उनकी निर्भीक पत्रकारिता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगी। प्रेस क्लब की ओर से उन्हें सम्मानित करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई। समारोह में उपस्थित सभी पत्रकारों और सदस्यों ने उनका जोरदार स्वागत किया तथा उनके अनुभवों को पत्रकारिता की अमूल्य धरोहर बताया।

इस अवसर पर प्रेस क्लब कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, संप्रेक्षक विजय जोशी, कार्यकारिणी सदस्य रश्मि खत्री, मनबर सिंह रावत के साथ ही पूर्व महामंत्री सुरेन्द्र डसीला, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. वीडी शर्मा, संजय कोठियाल, डॉ. सुशील उपाध्याय, शीशपाल गुसाईं, भूपत सिंह बिष्ट, अरूण शर्मा, लक्ष्मी प्रसाद बडोनी, परमवीर कौशिक, ज्ञानेंद्र तिवारी, मौ. असद, अनिल चंदोला, राजेश बहुगुणा, रवि कैंतुरा, सुनील कुमार आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब महामंत्री योगेश सेमवाल ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button