
नई दिल्ली: केरल में एक महिला में कोविड-19 का सब-वेरिएंट JN.1 पाए जाने के बाद केंद्र सरकार अलर्ट हो गई है। सरकार ने कोविड मामलों में बढोतरी और भारत में JN.1 वैरिएंट के पहले मामले का पता चलने के मद्देनजर राज्यों को एडवाइजरी जारी की है। भारत समेत दुनिया के 40 देशों में इस वैरिएंट का पता चलने के बाद दहशत है।
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को लिखे एक पत्र में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव सुधांश पंत ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के बीच लगातार और सहयोगात्मक कार्यों की वजह से हम कोविड-19 को रोकने में सक्षम हैं”। पंत ने कहा कि हाल ही में केरल जैसे कुछ राज्यों ने कोविड-19 के मामलों की संख्या में मामूली वृद्धि दर्ज की गई है। भारत में कोविड का सब-वेरिएंट JN.1 का पहला मामला 8 दिसंबर को केरल में पाया गया था। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने JN.1 को BA.2.86 का सब-वैरिएंट बताया है। इसके स्पाइक प्रोटीन में सिर्फ एक अतिरिक्त म्यूटेशन है। WHO ने कोविड के साथ-साथ इंफ्लुएंजा और अन्य वायरस के साथ-साथ बैक्टीरिया फैलने पर भी चिंता जाहिर की है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक सोमवार को देश में 335 नए कोविड-19 के मामले सामने आए हैं। इसी के साथ ही देश में एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 1,701 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार सुबह आठ बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कोविड-19 के मामले 4 करोड़ 50 लाख 4 हजार 816 हो गए हैं, जबकि देश में 5 लाख 33 हजार 316 लोगों की कोरोना से जान गई है।