
देहरादून: नगर निगम ने शुक्रवार को सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान निरंजनपुर सब्जी मंडी में व्यापक रूप से इस्तेमाल हो रही सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त की गई। सात बड़े दुकानदारों से साढ़े नौ क्विंटल सिंगल यूज प्लास्टिक पकड़ी तथा दो अन्य राहगीरों पर भी जुर्माना लगाया गया। चालानी कार्रवाई में सात लोगों से 3,50,100 का जुर्माना वसूला गया।
नगर निगम ने छापामार कार्रवाई के लिए पांच टीमें गठित की थी। हर टीम में एक सेनेटरी इंस्पेक्टर, दो सुपरवाइजर तथा चार-चार पर्यावरण मित्र थे। पांचों टीम ने शुक्रवार सुबह सात बजे निरंजनपुर सब्जी मंडी में यह अभियान चलाया, जिससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया। टीम में मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खन्ना सेनेटरी इंस्पेक्टर राजेश बहुगुणा, मनोज, राजेश, पुष्पा रौथान, भूपेंद्र आदि शामिल थे।