यूजेवीएनएल का जेई 50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

देहरादून: विजिलेंस की टीम ने गुरुवार को ऋषिकेश में एक जेई को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। जेई ने पशुलोक बैराज ऋषिकेश में टेंडर की पेमेंट के बदले 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता द्वारा टोल फ्री नम्बर-1064 पर शिकायत की थी कि वह सरकारी विभाग में टेंडर का काम करते हैं। उनके द्वारा पशुलोक बैराज ऋषिकेश में टेंडर डाला गया था। उक्त कार्य के बदले में यूजेवीएनएल के जेई फैसल खान द्वारा पेमेंट के बदले अवैध रिश्वत की मांग की जा रही थी।शिकायतकर्ता द्वारा लगाये गये आरोप प्रथम दृष्टया सही पाये जाने पर थाना सतर्कता अधिष्ठान, देहरादून में अभियोग पंजीकृत किया गया तथा पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान द्वारा ट्रैप टीम का गठन किया गया। ट्रैप टीम द्वार गुरुवार को आरोपी फैसल खान पुत्र लियाकत हुसैन निवासी कटोरतल, थाना काशीपुर, उधमसिंह नगर को शिकायतकर्ता से 50,000/-रूपये रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन महोदय द्वारा अपील की गयी है कि सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हैल्पलाईन नं. 1064 एवं वट्सएप हैल्पलाईन नं. 9456592300 पर सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।



