राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारी पूरी, छात्रों से करेंगे संवाद
देहरादून: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जुलाई शुक्रवार को देहरादून में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस संगठन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पार्टी नेताओं का दावा है कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में छात्र, युवा और अभिभावक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए देहरादून पहुंच रहे हैं। कांग्रेस इसे युवाओं की आवाज को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण मंच बता रही है।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी छात्रों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं, सुझावों और भविष्य की अपेक्षाओं को सुनेंगे। शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार के अवसरों, युवाओं के पलायन और करियर से जुड़े मुद्दे चर्चा के केंद्र में रहेंगे।
कांग्रेस का कहना है कि कार्यक्रम में छात्रों को बिना किसी औपचारिकता के अपनी बात रखने का मौका मिलेगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि, प्रदेशभर से छात्रों के आने की सूचना लगातार मिल रही है। उन्होंने छात्रों और अभिभावकों से निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पहुंचने की अपील की है। गोदियाल ने कहा कि, कांग्रेस लंबे समय से युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रही है और यह कार्यक्रम उसी प्रयास की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का उद्देश्य केवल भाषण देना नहीं, बल्कि छात्रों की वास्तविक समस्याओं को सुनना और उन्हें राष्ट्रीय विमर्श का हिस्सा बनाना है. वर्तमान समय में शिक्षा और रोजगार युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों के रूप में उभरकर सामने आए हैं. ऐसे में राहुल गांधी का छात्रों के बीच पहुंचना और उनकी बात सुनना, युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।
-गणेश गोदियाल, कांग्रेस अध्यक्ष, उत्तराखंड-
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि, कार्यक्रम को लेकर छात्रों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ता पिछले कई दिनों से विभिन्न शिक्षण संस्थानों और जिलों में संपर्क अभियान चला रहे हैं। इसके माध्यम से छात्रों को कार्यक्रम की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है। कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में युवा शामिल होंगे।
कांग्रेस ने राहुल गांधी और देहरादून के पुराने संबंधों का भी उल्लेख किया है। पार्टी नेताओं के अनुसार, देहरादून राहुल गांधी की बचपन की यादों से जुड़ा शहर रहा है। यही कारण है कि उन्होंने स्वयं यहां छात्रों के साथ संवाद करने की इच्छा व्यक्त की थी। कांग्रेस का मानना है कि, देहरादून जैसे शैक्षणिक और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण शहर में आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं को अपनी बात रखने का एक प्रभावी मंच प्रदान करेगा।
वहीं, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि, प्रदेशभर के छात्र इस कार्यक्रम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि,
यह केवल राजनीतिक आयोजन नहीं है, बल्कि युवाओं के विचारों, सुझावों और समस्याओं को समझने का एक प्रयास है। आज का युवा रोजगार, शिक्षा की गुणवत्ता और भविष्य की संभावनाओं को लेकर गंभीर सवाल पूछ रहा है। ऐसे में राहुल गांधी का सीधे छात्रों से संवाद करना उनके मन की बात जानने का अवसर देगा।
-करन माहरा, कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष, उत्तराखंड-
माहरा ने कहा कि, कांग्रेस हमेशा युवाओं की भागीदारी को लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक मानती रही है। उन्होंने दावा किया कि, कार्यक्रम में छात्रों की ओर से शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार और अन्य समसामयिक विषयों पर सवाल पूछे जाएंगे, जिनका राहुल गांधी सीधे जवाब देंगे। इससे युवाओं और राजनीतिक नेतृत्व के बीच संवाद की एक नई पहल देखने को मिलेगी। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, कार्यक्रम की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई है और संगठन स्तर पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पार्टी को उम्मीद है कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम उत्तराखंड के युवाओं के लिए अपनी आवाज बुलंद करने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा, जहां उनके सवालों और सुझावों को गंभीरता से सुना जाएगा।



