#uttarakhand newsउत्तराखंडदैवी आपदा

नंदानगर में बादल फटने से तबाही, दो घायल, पांच लापता 

देहरादून/गोपेश्वर: चमोली जिले का नंदानगर प्रखंड एक बार फिर भीषण आपदा की चपेट में आ गया। बुधवार-गुरुवार मध्य रात्रि बादल फटने से यहां पांच लोगों के लापता होने की सूचना है, जबकि दो लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई गांवों में मकान और खेत खलिहान तबाह हो गए।

आपदा परिचालन केंद्र से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नगर पंचायत नंदानगर के वार्ड कुन्तरि लगाफाली में भारी बारिश और मलबा आने से छह भवन क्षतिग्रस्त हुए। दो लोगों को सकुशल निकाल लिया गया, जबकि पांच अब भी लापता हैं। नंदानगर तहसील के धुर्मा गांव में भी चार से पांच भवन क्षतिग्रस्त हुए हैं।

मोक्ष नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से सेरा गांव में सबसे अधिक तबाही हुई। कई घर मलबे में दब गए। जुलाई में तबाही झेल चुका सेरा गांव एक बार फिर प्रकृति की मार झेल रहा है। महिपाल सिंह, अवतार सिंह और पुष्कर सिंह के आवासीय भवन खतरे की जद में आ गए हैं। खेत-खलिहान भी बुरी तरह नष्ट हो गए।

बताया जा रहा है कि बागड़ बस्ती के ऊपर बादल फटने से भारी मलबा नदी में उतरा, जिससे उसने अपना रुख बदल लिया और सेरा गांव में घुस गया। इस कारण कई मकान और दुकानें बह गए। नंदानगर के बांजबगड़, फफाली और कुंतरी में भी घर मलबे में दब गए हैं।

आपदा के बाद इलाके का सड़क और बिजली संपर्क पूरी तरह टूट गया है। पेट्रोल पंप और कई दुकानों में मलबा भर गया। बिजली आपूर्ति बंद होने से मोबाइल सेवा भी ठप है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी तक संदेश पहुंचा कर जल्द राहत और बचाव की मांग की है।

चमोली के जिलाधिकारी श्री संदीप तिवारी ने बताया कि नंदानगर आपदा प्रभावित क्षेत्र में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई है। एसडीआरएफ टीम नंदप्रयाग पंहुच गई है, एनडीआरएफ भी नंदप्रयाग के लिए गौचर से रवाना हो गई है।

सीएमओ द्वारा जानकारी दी गयी कि मेडिकल टीम, 108 सेवा की तीन एम्बुलेंस घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गयी हैं।

तहसील घाट नंदानगर में अतिवृष्टि से कुल 10 लोगों के लापता की सूचना है। जिनमें कुंतरी लगा फाली में 8 और धुरमा में 2 लोगों के लापता होने की सूचना है।

ग्राम कुंतरी लगा फाली में लापता लोगों में कुंवर सिंह s/बलवंत सिंह (उम्र लगभग 42), कांता देवी पत्नी कुंवर सिंह (38), विकास और विशाल पुत्र कुंवर सिंह (उम्र दोनों की 10 वर्ष), नरेन्द्र सिंह s/o कुताल सिँह (40), जगदम्बा प्रसाद पुत्र ख्याली राम(70), भागा देवी पत्नी जगदम्बा प्रसाद (65), देवेश्वरी देवी पत्नी दिलबर सिंह (65) हैं।
तहसील घाट नंदानगर के गाँव धुरमा में 2 लोगों के लापता होने की सूचना है।
जिनमें गुमान सिंह पुत्र चन्द्र सिंह (उम्र75)
और ममता देवी पत्नी विक्रम सिंह (उम्र 38) हैं।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चमोली के नंदानगर घाट क्षेत्र में हुई अतिवृष्टि से आसपास के घरों को क्षति पहुंचने की घटना पर दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन, उत्तराखण्ड एसडीआरएफ व पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

मुख्यमंत्री इस संबंध में निरंतर प्रशासन से संपर्क में हैं और स्वयं स्थिति की गहन निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना की है।

24 शव हो चुके हैं बरामद

देहरादून: उप जिलाधिकारी हरिगिरी की देखरेख में प्रशासन की टीम मजाड गांव में मलबे में दबे शवों को डॉग स्क्वायड की मदद से खोजने में जुटी हुई है। मलबे में तीन लोग दबे होने की आशंका है। दो दिन पहले सहस्त्रधारा और मालदेवता क्षेत्र में बादल फटने की घटना के बाद 24 शव बरामद किए जा चुके हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button