नितिन नवीन नहीं करेंगे कोई रोड शो
28 मई को तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे देहरादून
देहरादून: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उत्तराखंड दौरे के दौरान संतों और शिक्षाविदों से भी संवाद करेंगे। उनके कार्यक्रम में संशोधन करते हुए दो नए कार्यक्रम जोड़े गए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष तीन दिन के दौरे में प्रदेश के आला पदाधिकारियों से लेकर सबसे छोटी पंचायत इकाई तक अपनी बात रखेंगे और आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उनका उत्साहवर्धन करेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन 28 मई को दोपहर बाद देहरादून पहुंचेंगे। देहरादून एयरपोर्ट से लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय तक जगह-जगह उनका स्वागत होगा। वर्तमान ऊर्जा संकट को देखते हुए वाहनों की संख्या कम होगी। कोई रोड शो भी नहीं होगा। 28 मई को वे पहले कोर कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। 29 मई को सभी सांसद-विधायकों की बैठक होगी, जिसमें सभी मंत्री भी बतौर विधायक शामिल होंगे।
खास बात ये है कि उनके इस दौरे में पार्टी में बूथ की अहमियत पता चलेगी। डाकरा के बूथ अध्यक्ष के घर पर भोजन करने के साथ ही बूथ की बैठक करेंगे। प्रदेश के पदाधिकारियों से लेकर पंचायत स्तर तक उनके संवाद होंगे। मकसद ये है कि ऊपर से नीचे तक आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर एक लाइन स्पष्ट की जाएगी। मंगलवार को भी उनके दौरे के लिए प्रदेश कार्यालय में तैयारियां की गईं।
ये नए कार्यक्रम जोड़े गए
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के दौरे में दो नए कार्यक्रम जोड़े गए हैं। 29 मई की शाम को वे परमार्थ निकेतन ऋषिकेश में गंगा आरती में शामिल होंगे। इसी दौरान वे संतों के साथ संवाद करेंगे। इसमें ऋषिकेश और हरिद्वार के संत शामिल होंगे। 30 मई को सुबह 11 बजे वे शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में होने वाले विकसित भारत 2047 में उच्च शिक्षा का महत्व एवं योगदान के काॅन्क्लेव में शामिल होंगे। इसी दौरान वे कॉलेज के ऑडिटोरियम का लोकार्पण भी करेंगे। पहले उनके दौरे में ये दोनों कार्यक्रम शामिल नहीं थे।



