#uttarakhand newsउत्तराखंडदुर्घटना

बस पर बड़ा पत्थर गिरने से महिला तीर्थयात्री की मौत 

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में एक बस के ऊपर बड़ा पत्थर गिरने से उसमें सवार दिल्ली की एक महिला तीर्थयात्री की मृत्यु हो गई और दो अन्य व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुालिस के मुताबिक, हादसा बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीपलकोटी नगर के समीप भनीरपानी भूस्खलन क्षेत्र में शुक्रवार रात हुआ जब पहाड़ी से अचानक बड़े-बड़े बोल्डर गिरने लगे और वहां से गुजर रही बस उनकी चपेट में आ गयी।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची और बचाव एवं राहत अभियान चलाया। हादसे में एक महिला की मृत्यु हो गयी जिसकी शिनाख्त दिल्ली के उत्तम नगर की रहने वाली 26 वर्षीय रेनू किरोड़ीमल के रूप में हुई है।

घायलों को पीपलकोटी के एक अस्पताल में भर्ती किया गया है जिनमें से एक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे गोपेश्वर जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल पप्पू मिश्रा उत्तर प्रदेश के कानपुर का रहने वाला है। एक अन्य घायल को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी।

पुलिस ने बताया कि बस में सवार अन्य सभी यात्री सुरक्षित हैं। हादसे के समय बस में कुल 30-32 यात्री सवार थे। पुलिस और प्रशासन द्वारा स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है और प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।

इससे पहले, भनेरपानी भूस्खलन क्षेत्र में खराब मौसम, दलदल और मलबे के गिरने के मददेनजर स्थानीय प्रशासन ने दोपहर को तीर्थयात्रियों के वाहनों के आवागमन को कुछ घंटों के लिए बंद कर दिया था और उन्हें पीपलकोटी के सिमलडाली में बने होल्डिंग एरिया में रोक दिया था। बाद में, मौसम ठीक होने और सड़क साफ होने पर शाम को सड़क पर यातायात फिर बहाल कर दिया गया था।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button