#uttarakhand newsउत्तराखंडचर्चा मेंपर्सनालिटीराजनीतिक दल

मोदी के रिकार्ड प्रधानमंत्रित्व काल के उपलक्ष्य में उत्तराखंड में मंदिरों में हुई विशेष पूजा 

देहरादून: निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूर्ण करने पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पीएम मोदी को बधाई दी है। सीएम धामी ने विशेष पत्र लिखकर पीएम मोदी को उनके ऐतिहासिक कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी। वहीं, केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर उत्तराखंड में विभिन्न स्थानों पर विशेष पूजा-अर्चना और प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया।

चारधाम में पीएम मोदी के नाम से पूजा: बुधवार को देवभूमि उत्तराखंड के चारों धाम- बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री सहित शक्ति मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर, उत्तरकाशी तथा प्रदेश के अन्य प्रमुख मंदिरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पीएम पद पर लगातार 12 वर्ष पूरे करने के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संकल्प के साथ विशेष पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य, कुशल नेतृत्व तथा राष्ट्र की निरंतर प्रगति के लिए विशेष अनुष्ठान संपन्न हुए।

देहरादून के टपकेश्वर मंदिर, दून योगपीठ और सहसपुर स्थित बालाजी धाम मंदिर में आयोजित कार्यक्रमों में भाजपा नेताओं, योग गुरुओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना की। साथ ही भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराया।

गढ़ी कैंट स्थित टपकेश्वर महादेव मंदिर में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विशेष पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की प्रार्थना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में यह एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण है। प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार 4399 दिनों तक देश की सेवा करते हुए विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के झाझरा स्थित बालाजी धाम मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुरक्षा, आर्थिक प्रगति और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की है. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व स्तर पर एक मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में उभरा है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए देशवासियों का समर्थन और सहभागिता आवश्यक है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button