#uttarakhand newsउत्तराखंडकार्रवाईक्राइम

कर्णप्रयाग हिंसा में चार निहंग यात्री गिरफ्तार, तीन को भेजा जेल

चमोली : कोतवाली कर्णप्रयाग क्षेत्रान्तर्गत कर्णप्रयाग बाजार स्थित कृष्णा पैलेस होटल के समीप श्री हेमकुण्ड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ निहंग यात्रियों एवं स्थानीय व्यापारियों के बीच मामूली कहासुनी के बाद विवाद उत्पन्न हो गया था। इस दौरान चार निहंग यात्रियों द्वारा स्थानीय व्यापारी एवं बीच-बचाव के लिए आए स्थानीय लोगों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया, जिसमें चार लोग घायल हो गए। पीड़ित गजपाल सिंह की तहरीर के आधार पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना के बाद पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए बैरियर लगाकर तीन निहंग यात्रियों को कर्णप्रयाग क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से तीन कृपाण बरामद की गईं तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। घटना में शामिल चौथे निहंग यात्री को 17 जून को कर्णप्रयाग चिकित्सालय से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली गई है।

गौचर-कर्णप्रयाग क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत 01 कम्पनी आईटीबीपी एवं पीएसी बल की तैनाती की गई है। पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा द्वारा कर्णप्रयाग में कैंप करते हुए सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। साथ ही पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार पैदल गश्त कर निगरानी की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था भंग करने अथवा आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अराजक एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चमोली पुलिस ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

इसके साथ ही ऑपरेशन प्रहार के तहत जनपद में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान आज कोतवाली चमोली पुलिस द्वारा लोगों के साथ अभद्रता करने तथा चेकिंग के दौरान वाहन हॉकी स्टिक आदि पाए जाने पर तीन व्यक्तियों—परविन्दर सिंह, परमवीर सिंह एवं जोधवीर सिंह, निवासी जरकपुर, चण्डीगढ़ के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए  तीनों व्यक्तियों को भविष्य में सार्वजनिक स्थान पर किसी भी प्रकार की अभद्रता अथवा शांति भंग न करने की सख्त हिदायत दी गयी।

गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम जसनप्रीत सिंह पुत्र नछतर सिंह निवासी ग्राम सोहाना थाना सोहाना जिला मोहाली पंजाब उम्र 23 वर्ष, अजय सिंह पुत्र रविंद्र सिंह निवासी उपरोक्त उम्र 23 वर्ष, सतविंदर सिंह पुत्र गुरप्रीत सिंह निवासी कुबडा सेक्टर 68 थाना फेज 8 जिला एस ए एस नगर मोहाली आयु 21 वर्ष और मनप्रीत सिंह पुत्र सोमराज निवासी ग्राम सोहना थाना सोहना जिला मोहाली पंजाब उम्र 21 वर्ष (उपचाराधीन) शामिल हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button