उत्तराखंड में लहरों पर रोमांच का दौर गुरुवार से
देहरादून: उत्तराखंड में रिवर राफ्टिंग के नए सीजन का आगाज होने जा रहा है। 24 सितंबर से शुरू हो रहे राफ्टिंग सीजन के लिए नई रेट लिस्ट जारी कर दी गई है। इस बार राफ्टिंग रूट के हिसाब से पर्यटकों को एक हजार से 3500 रुपए तक चुकाने होंगे। वहीं, सुरक्षा, ट्रेनिंग और पर्यटक सुविधाओं को बढ़ाने पर भी खास जोर दिया गया है।
उत्तराखंड में रिवर राफ्टिंग सीजन 2026-27 की शुरुआत को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं। ऋषिकेश के शिवपुरी में 23 सितंबर को उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से राफ्टिंग सीजन के शुभारंभ का कार्यक्रम आयोजित किया गया। हालांकि, नदियों में व्यावसायिक राफ्टिंग गतिविधियों का संचालन 24 सितंबर से शुरू होगा। इस बार राफ्टिंग को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है।
नई रेट लिस्ट जारी, 1 हजार से 3500 रुपए तक किराया: आगामी राफ्टिंग सीजन के लिए अलग-अलग राफ्टिंग रूट के नए रेट निर्धारित किए गए हैं। पर्यटकों के लिए सबसे कम किराया फूल चट्टी से नीम बीच या खारास्रोत रूट का रखा गया है। जबकि, सबसे लंबा और अधिक दूरी वाला कौड़ियाला से नीम बीच रूट 3500 रुपए का होगा। इस बार राफ्टिंग गतिविधियों को निर्धारित नियमों और लाइसेंस व्यवस्था के तहत संचालित करने पर जोर दिया जा रहा है।



