देहरादून के एसएसपी समेत कई पुलिस अफसर गणतंत्र दिवस पर होंगे सम्मानित

देहरादून: उत्तराखंड के एडीजीपी (कानून-व्यवस्था) अजय प्रकाश अंशुमन समेत 4 पुलिस अफसरों-1 सहायक उपनिरीक्षक और 1 हेड कांस्टेबल को इस बार भारत सरकार के राष्ट्रपति पुलिस पदक (PSM) से सम्मानित किया गया है।1998 बैच के अंशुमन के साथ पुलिस महानिरीक्षक रिद्धिम अग्रवाल, पौड़ी की एसएसपी श्वेता चौबे, देहरादून के एसएसपी अजय सिंह के अलावा सहायक उपनिरीक्षक सुरजीत सिंह और हेड कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह को भी राष्ट्रपति पदक मिला है।
रिद्धिम के पास उत्तराखंड सरकार में विशेष सचिव का जिम्मा भी है। ये अवार्ड सराहनीय पुलिस सेवा के लिए राज्य सरकार की सिफारिश पर केंद्र सरकार प्रदान करती है। गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस पर इसकी घोषणा की जाती है।
——————————
सूचना विभाग की झांकी होगी आकर्षण का केंद्र
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सूचना विभाग द्वारा ‘‘विकसित उत्तराखण्ड‘‘ की झांकी का निर्माण किया गया है। सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने यह जानकारी दी।
झांकी के अग्र-भाग में उत्तराखण्डी महिला को पारम्परिक वेशभूषा में स्वागत करते हुए दिखाया गया है तथा पारम्परिक अनाज मंडूवा, झंगोरा, रामदाना तथा कौंणी की खेती व राज्य पक्षी मोनाल को दिखाया गया है।
झांकी के मध्य भाग में होम स्टे को दिखाया गया है। पहाड़ों में होमस्टे योजना से हजारों ग्रामीणों को रोजगार मिल रहा है। भारत सरकार द्वारा वर्ष 2023 में उत्तराखण्ड के सरमोली गांव को सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव घोषित किया गया है। साथ ही लखपति दीदी योजना से उत्तराखण्ड में महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। स्वयं सहायता समूह में कार्य करते हुए स्थानीय महिलाओं व सुदूर पहाडों में सौर ऊर्जा तथा मोबाईल टावर को दिखाया गया है।
इस बीच राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के निवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी है। मुख्य कार्यक्रम परेड ग्राउंड पर होगा।