#uttarakhand newsउत्तराखंडकाम की खबरटीका-टिप्पणी

प्रधान ने कहा: एनटीए बेकसूर, शिक्षकों ने नहीं निभाई सही से जिम्मेदारी 

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने री-नीट परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न होने पर दिया बड़ा बयान

नई दिल्ली: नीट-यूजी पेपर लीक विवाद के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि जिन शिक्षकों पर परीक्षा को सुरक्षित और निष्पक्ष तरीके से कराने की जिम्मेदारी थी, उन्होंने ही इसके साथ धोखा किया और परीक्षा की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाया।

रविवार को दोबारा हुई नीट परीक्षा के बिना किसी गड़बड़ी के पूरे होने के बाद, शिक्षा मंत्री ने पहली बार इस मुद्दे पर खुलकर बात की।

उन्होंने कहा कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने शिक्षकों को बहुत संवेदनशील जिम्मेदारियां सौंपी थीं, लेकिन कुछ लोग इस भरोसे को बनाए रखने में नाकाम रहे। उन्होंने 3 मई को हुई पहली परीक्षा में कुछ लोगों द्वारा किए गए विश्वासघात पर दुख जताया, जिसके कारण परीक्षा को रद करना पड़ा था।

इसके साथ ही प्रधान ने विपक्ष की तरफ से लगाए गए सभी आरोपों का जवाब भी देते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर जमकर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि जब देश के 22 लाख से ज्यादा छात्र दोबारा होने वाली परीक्षा की तैयारी कर रहे थे, तब राहुल गांधी ‘सस्ती राजनीति’ कर रहे थे।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि सिस्टम को सुधारने के लिए कोई अच्छा सुझाव देने के बजाय, कांग्रेस सांसद ने छात्रों को डराने और परीक्षा की तैयारियों को भटकाने की कोशिश की, जिससे देश में अराजकता पैदा हो।

पेपर लीक विवाद और परीक्षा प्रणाली को लेकर विपक्षी दल लगातार धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए शिक्षा मंत्री ने विरोध प्रदर्शन कर रहे कुछ संगठनों पर भी हमला बोला।

उन्होंने कहा कि जिन्हें देश की जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से नकार दिया है, वे अब नए-नए बैनरों के तहत आकर देश की संस्थाओं को निशाना बना रहे हैं और देश को बांटने वाली ताकतों के पक्ष में नारे लगा रहे हैं।

उन्होंने साफ किया कि रविवार को दोबारा हुई परीक्षा पूरी तरह सफल और सुरक्षित रही है, इसके बावजूद जंतर-मंतर पर कुछ गुटों द्वारा केवल व्यवस्था को बिगाड़ने के लिए राजनीति की जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button