भुड्डी गांव में अधिवक्ता सोहेल की गोली मारकर हत्या, भाई गिरफ्तार
रिश्तों का खौफनाक अंत—सगे भाई पर हत्या का आरोप, आक्रोशित परिजनों ने लगाया जाम

देहरादून: राजधानी देहरादून एक बार फिर हत्या की वारदात से दहल उठी। शिमला बाइपास रोड स्थित सहसपुर क्षेत्र के भुड्डी गांव में 25 वर्षीय अधिवक्ता सोहेल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने सोहेल को बातचीत के बहाने घर से बाहर बुलाया। जैसे ही वह बाहर पहुंचे, उन पर गोली चला दी गई। गोली लगने से सोहेल की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना से गुस्साए परिजन और स्थानीय लोग शव को मुख्य मार्ग पर ले आए तथा सड़क जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस को शुरुआती समय में घर का मुआयना तक नहीं करने दिया।
जांच के दौरान मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा सामने आया। जानकारी के अनुसार, सगे भाई पर हत्या का आरोप है। देहरादून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज एक घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून परमेंद्र डोभाल स्वयं मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
एसएसपी परमेंद्र डोभाल ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। हत्या के पीछे की वजह जल्द स्पष्ट होने की संभावना है।
इस घटना ने एक बार फिर शहर में कानून-व्यवस्था और बढ़ते आपराधिक मामलों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।



