रक्षाबंधन पर बहनों को धामी सरकार का तोहफा, दो दिन बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगी
देहरादून: 28 अगस्त को भाई और बहन के प्रेम के प्रतीक रक्षाबंधन के पर्व पर उत्तराखंड की महिलाओं को प्रदेश सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं को रक्षाबंधन के अवसर पर बसों में फ्री यात्रा का उपहार दिया है। 28 एवं 29 अगस्त को उत्तराखंड की महिलाएं प्रदेश के भीतर उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा संचालित बसों में शत-प्रतिशत किराया छूट के साथ निशुल्क यात्रा कर सकेंगी।
उत्तराखंड शासन द्वारा इस संबंध में आदेश जारी कर उत्तराखंड परिवहन निगम को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश के अनुसार, रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर 28 और 29 अगस्त को प्रदेश की महिलाओं को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में यात्रा के लिए कोई किराया नहीं देना होगा
महिलाओं के आवागमन को सुगम बनाने की पहल: रक्षाबंधन पर्व पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके एवं परिजनों से मिलने के लिए यात्रा करती हैं। राज्य सरकार की इस पहल से उन्हें सुरक्षित, सुगम एवं निशुल्क सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी. सरकार का उद्देश्य पर्व के दौरान महिलाओं के आवागमन को आसान बनाना तथा उन्हें आर्थिक राहत प्रदान करना है।



