देहरादून में सड़क हादसे में चार की मौत, तीन अन्य गंभीर
बुधवार सुबह डोईवाला के पास हुआ हादसा, पिकअप में घुसी कार
देहरादून: देहरादून के प्रसिद्ध मणिमाई मंदिर के निकट बुधवार की सुबह भीषण सड़क हादसे में दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। अस्पताल में इलाज के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई। इस तरह कुल चार लोगों की हादसे में मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार आगे जा रही पिकअप वाहन का अचानक पिछला पहिया निकल गया। इससे अनियंत्रित होकर पिकअप वाहन डिवाइडर पर चढ़ गया। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही इको कार सीधे पिकअप में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको के परखच्चे उड़ गए। हादसे में इको वाहन में आगे बैठे दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान की जा रही है। इको में सवार अन्य 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पुलिस ने 108 की मदद से अस्पताल भेजा। अस्पताल में इलाज के दौरान दो और लोगों ने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर टोल के निकट भीषण जाम लग गया। करीब 1 घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार है। पुलिस ने मामला में मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
एसआई कोतवाली नारायण व्यास ने घटना की पुष्टि करते हुए जानकारी दी कि इको वाहन में 7 लोग सवार थे, जिनमें से तीन गंभीर घायलों को सीएससी डोईवाला में भर्ती किया गया, जिनमें से दो की मौत हो गई है, जबकि दो लोगों को हिमालयन हॉस्पिटल किया गया है। वहीं चार लोगों को देहरादून के कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती किया गया। इनमें से दो लोगों की मौत हो गई।



