#uttarakhand newsउत्तराखंडकाम की खबर

उत्तराखंड में बढ़ाई गई परमवीर चक्र विजेता जवानों की अनुग्रह राशि

उत्तराखंड में परमवीर चक्र से सम्मानित जवानों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि 1.50 करोड़ से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपए की गई, कारगिल विजय दिवस पर अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने देहरादून के गांधी पार्क में स्थित शहीद स्मारक पर कारगिल विजय दिवस पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने कारगिल शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। साथ ही उनके अद्वितीय त्याग, शौर्य और राष्ट्रसेवा को नमन किया. वहीं, सीएम धामी ने परमवीर चक्र से सम्मानित वीरों के लिए अनुग्रह राशि डेढ़ करोड़ रुपए से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपए करने की घोषणा की।

कारगिल युद्ध में उत्तराखंड के जवानों ने दिया सर्वोच्च बलिदान: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कारगिल विजय भारतीय सेना के अदम्य साहस, अद्वितीय पराक्रम एवं राष्ट्रभक्ति का अमर प्रतीक है। 18 हजार फीट से अधिक ऊंचाई पर अत्यंत विषम परिस्थितियों में भारत के सैनिकों ने अद्वितीय वीरता, अटूट मनोबल और सर्वोच्च बलिदान का परिचय देकर दुश्मन को परास्त किया। दुनिया के समक्ष भारत की सैन्य शक्ति और दृढ़ संकल्प का परिचय कराया।

कारगिल युद्ध में 75 जवान हुए शहीद: सीएम धामी ने कहा कि कारगिल युद्ध में देश के 527 वीर जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया, जिनमें उत्तराखंड के 75 वीर सपूत भी शामिल थे. उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि भी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत की सुरक्षा नीति ज्यादा सशक्त, निर्णायक और आत्मविश्वास से परिपूर्ण हुई है।

पीएम मोदी के कार्यकाल में रक्षा क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व कार्य: आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई, सीमावर्ती क्षेत्रों में रणनीतिक आधारभूत संरचना का तेज विकास और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की दिशा में किए गए प्रयास नए भारत की शक्ति के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि वन रैंक-वन पेंशन, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक और सैनिक कल्याण से जुड़े कई ऐतिहासिक निर्णयों से देश के सैनिकों, पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों का सम्मान बढ़ा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button