कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हीरा सिंह बिष्ट का निधन, सीएम ने दी श्रद्धांजलि

देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट का रविवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अलावा बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता बिष्ट को श्रद्धांजलि देने उनके आवास पहुंचे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। प्रदेशहित एवं जनसेवा के लिए उनके द्वारा दिए गए योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेंगे। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों, समर्थकों एवं शुभचिंतकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा कि हीरा सिंह बिष्ट के निधन का समाचार सुनकर मुझे अत्यंत दुःख हुआ। बिष्ट का निधन कांग्रेस परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके जाने से न केवल कांग्रेस परिवार ने अपना एक वरिष्ठ एवं अनुभवी साथी खोया है, बल्कि उत्तराखंड की राजनीति और सामाजिक जीवन को भी ऐसी क्षति हुई है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। हीरा सिंह बिष्ट जी के साथ बिताए अनेक क्षण और उनका स्नेहिल मार्गदर्शन सदैव स्मृतियों में जीवित रहेगा। मैं उन्हें अपने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके परिजनों एवं प्रशंसकों के प्रति अपनी शोक संवेदनाएँ प्रेषित करता हूँ। वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत, उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बिष्ट के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि वह ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों, शुभचिंतकों और समर्थकों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।



