देहरादून-अल्मोड़ा में 7 जिंदगियां खत्म! उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक दिखा बारिश का कहर
उत्तराखंड में बारिश का कहर देखने को मिल रहा है, जिसके चलते 7 लोगों की जान चली गई
देहरादून: उत्तराखंड में सितंबर महीने का आगाज भारी बारिश और तबाही से हुआ है, जहां आसमानी आफत कई लोगों की जिंदगी लील ले गया, जिसके तहत देहरादून और अल्मोड़ा में बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में 7 लोगों की मौत हो गई। जबकि, कई जगहों पर सड़कें बाधित हैं, जबकि, कुछ मकानों में मलबा घुसा है, तो नदी-नाले उफान पर हैं। देहरादून के प्रेमनगर में तेज बरसाती बहाव एक कार को अपने साथ बहा ले गया, जिसमें सवार एक युवक और एक युवती की जान चली गई। जबकि, दूसरी युवती को एसडीआरएफ के जवानों ने घायल अवस्था में बचा लिया।
वहीं, अल्मोड़ा के हवालबाग क्षेत्र में पहाड़ी से खिसका मलबा एक मकान में जा घुसा, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की जिंदगी खत्म हो गई। इसके अलावा अल्मोड़ा के ही धारकीतूनी क्षेत्र में निर्माणाधीन दीवार गिरने से दो नेपाली मजदूरों की मौत हुई। यानी महज एक दिन में बारिश ने सात परिवारों को ऐसा जख्म दिया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
इस तरह से एक सिंतबर यानी मंगलवार का दिन कई परिवारों के लिए ‘अमंगल’ साबित हुआ। अभी भी मौसम का मिजाज पूरी तरह शांत नहीं हुआ है। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन बारिश होने की आशंका जताई है, जिसे देखते हुए चेतावनी के तौर पर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
अल्मोड़ा में एक ही परिवार पर टूटा पहाड़, मां और दो बच्चों की मौत: अल्मोड़ा जिले के हवालबाग विकासखंड की उडयूडा ग्राम पंचायत में मंगलवार सुबह बारिश ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। लगातार बारिश के बाद पहाड़ी से भारी मलबा खिसका और सीधे आवासीय मकान में जा घुसा, जिसमें घर के भीतर मौजूद परिवार के तीन सदस्य मलबे की चपेट में आ गए।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसडीआरएफ और जिला आपदा प्रबंधन की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थी।
घटना में मौत-
प्रेमा देवी पत्नी राजेंद्र राम (उम्र 41 वर्ष), निवासी- उडयूडा, हवालबाग, अल्मोड़ा
मनीष पुत्र राजेंद्र राम (उम्र 17 वर्ष), निवासी- उडयूडा, हवालबाग, अल्मोड़ा
कल्पना पुत्री राजेंद्र राम (उम्र 19 वर्ष), निवासी- उडयूडा, हवालबाग, अल्मोड़ा
घटना की पुष्टि अल्मोड़ा जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने भी की है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, हादसे के बाद एसडीआरएफ और आपदा राहत दल ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र का जायजा लिया। पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के कारण मलबा हटाने और घटनास्थल तक पहुंचने में भी बचाव दल को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।



