श्रीनगर में खंडाह के पास गुलदार का आतंक, घास काटने गई 51 वर्षीय महिला को बनाया निवाला
खंडाह से तीन किलोमीटर मदार तरौली गांव में शाम पांच बजे की घटना, क्षत-विक्षत हालत में मिला महिला का शव; ग्रामीणों में भारी आक्रोश

श्रीनगर गढ़वाल: श्रीनगर-पौड़ी मार्ग पर खंडाह से करीब तीन किलोमीटर आगे स्थित अमदार तरौली गांव में शुक्रवार शाम गुलदार के हमले से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। करीब 51 वर्षीय महिला घास काटने के लिए गई थी, तभी गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार शाम करीब पांच बजे की बताई जा रही है। महिला घास काटने के लिए गई थी। इसी दौरान गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि गुलदार ने महिला के गले पर हमला किया। कुछ समय बाद महिला का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में भय के साथ ही आक्रोश फैल गया।
ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग से कार्रवाई की मांग :
आबादी के नजदीक गुलदार के हमले में महिला की मौत से ग्रामीणों में दहशत है। लोगों को अब अपने रोजमर्रा के कामों के लिए भी घरों से बाहर निकलने में खतरा महसूस हो रहा है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी नाराजगी है। उन्होंने क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता पर अंकुश लगाने और लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष के बीच इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब ग्रामीणों की निगाहें वन विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं।


