शैला रानी को श्रद्धांजलि देने उमड़े भाजपा कार्यकर्ता
-भाजपा की कर्मठ कार्यकर्ता थीं केदारनाथ विधायक शैला रानी: धामी, गुरुवार को रुद्रप्रयाग में पैतृक घाट में होगा अंतिम संस्कार

देहरादून: केदारनाथ से भाजपा विधायक शैलारानी रावत के निधन से पार्टी कार्यकर्ताओं में शोक का माहौल है। बुधवार को शैला रानी का पार्थिव शरीर बलबीर रोड स्थित भाजपा कार्यालय लाया गया, जहाँ उन्हें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शैलारानी के निधन को भाजपा के लिए एक बड़ी हानि बताया। शैलारानी भाजपा की एक संघर्षशील महिला कार्यकर्ता थी। पौड़ी गढ़वाल लोकसभा चुनाव 2024 में उन्होंने अस्वस्थ होते हुए भी भाजपा को जिताने में अहम भूमिका निभाई थी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने शैलारानी के निधन को भारतीय जनता पार्टी के लिए एक बड़ी हानि व दुखद बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि शैलारानी भाजपा परिवार की अहम सदस्य थी। हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, भाषा मंत्री सुबोध उनियाल, पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा, भाजपा महिला नेत्री आशा नौटियाल ने भी प्रदेश कार्यालय में शैला रानी को श्रद्धांजलि दी। सिंचाई और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने भी शैलजा रानी के निधन पर दुख व्यक्त किया है।
शैलारानी के भाई ने बताया कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान शैलारानी ओम्कारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में सीढ़ियों से गिर गई थी, जिस वजह से उनकी रीढ़ की हड्डी फ्रेक्चर हो गई थी।
उनकी सर्जरी मेदांता अस्पताल में की गई थी, जिसके बाद वे ठीक होने पर वापस लौट आई थी। उनको अचानक तबीयत बिगड़़ने पर मैक्स अस्पताल में तीन दिन पहले वेंटिलेटर पर रखा गया था, जहां मंगलवार रात उनका निधन हो गया था।
शैलारानी रावत ने पहला विधानसभा चुनाव केदारनाथ विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर लड़ा और जीत कर पहली बार विधानसभा पहुंची थीं। 2016 में हरीश रावत सरकार से भगवत कर कांग्रेस के 9 वरिष्ठ विधायकों के साथ वे भाजपा में शामिल हुई थी। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर वे केदारनाथ से चुनाव हार गई थी। जिसके बाद 2022 में एक बार फिर भाजपा के टिकट पर वे चुनाव लड़ी और जीत कर विधायक बनी।
2017 के विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान शैलारानी रावत को लगी चोट के कारण उन्हें केंसर भी हो गया था। तीन साल तक चले इलाज के बाद वे ठीक हुई और फिर राजनीति में सक्रिय हुई।
2024 में शैलारानी रावत ने लोकसभा चुनाव में पौड़ी गढ़वाल सीट से भाजपा उम्मीदवार अनील बलूनी के लिए चुनाव प्रचार भी किया था। गुरुवार को रुद्रप्रयाग स्थित पैतृक घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।