देवप्रयाग में बस से भिड़ी बाइक, एक युवक की मौत

देवप्रयाग: ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना देवप्रयाग क्षेत्र के अंतर्गत मूल्या गांव से लगभग 3 किलोमीटर देवप्रयाग की ओर सुबह करीब 9:05 बजे यह हादसा हुआ। UK-11-PA-0316 नंबर की बस ऋषिकेश से गोपेश्वर जा रही थी। इसी दौरान श्रीनगर की ओर से आ रही UK-12-G-1916 नंबर की मोटरसाइकिल बस से आमने-सामने टकरा गई।
हादसे के समय बाइक पर दो युवक सवार थे, जिनकी पहचान वासु और रहमत के रूप में हुई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है। वहीं दूसरे घायल युवक को गंभीर हालत में तहसीलदार देवप्रयाग ने तत्काल अपने वाहन से सीएचसी देवप्रयाग पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि युवक श्रीनगर में पीओपी का काम करते हैं।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई के लिए श्रीकोट स्थित मोर्चरी भेज दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।



