ऋषिकेश-बदरीनाथ मार्ग पर गूलर के पास बस खाई में गिरी, आठ की मौत, 22 से ज्यादा घायल
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के गूलर के पास सड़क हादसे में 25 से ज्यादा लोग हताहत
देहरादून/ऋषिकेश: उत्तराखंड में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को एक बड़े सड़क हादसे में आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 22 से ज्यादा लोग घायल हो गए। यह हादसा मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत गूलर के पास हुआ।

बताते हैं कि हरिद्वार से जोशीमठ जा रही सवारियों से भरी विश्वनाथ सेवा की एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में करीब 30 लोग सवार बताए जा रहे हैं। वहीं अभी तक 4 मृतकों के शवों को निकाला जा चुका है। रेस्क्यू अभियान की निगरानी के लिए क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर और थाना प्रभारी मुनिकीरेती भी मौके पर मौजूद रहे।
इस हादसे की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलने पर मुनिकीरेती थाना पुलिस, गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकी का पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। इसके साथ ही एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया।
एसडीआरएफ की टीमों ने खाई में उतरकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और फायर सर्विस के जवान भी रेस्क्यू अभियान में जुटे हुए हैं। घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया जा रहा है, जहां से उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई।
——————————–
बोलेरो वाहन खाई में गिरा, 4 की मृत्यु, 6 घायल पुलिस, एसडीआरएफ एवं डीडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
रुद्रप्रयाग: सोमवार को रात्रि 10 बजे के करीब बांसवाड़ा–मोहनखाल मोटर मार्ग पर पोखरी क्षेत्र से रांसी (ऊखीमठ) की ओर जा रहा एक बोलेरो वाहन (पंजीकरण संख्या UK 13 TA 1013) दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरा। इसमें चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए।
सूचना प्राप्त होते ही कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस, एसडीआरएफ एवं डीडीआरएफ की टीमों तथा 108 एम्बुलेंस को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। सीओ रुद्रप्रयाग सहित पुलिस एवं बचाव दलों द्वारा मौके पर पहुंचकर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारम्भ किया गया।
रात भर चले रेस्क्यू अभियान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त वाहन में सवार व्यक्तियों को खाई से बाहर निकाला गया। इस दुर्घटना में 04 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई, जबकि 06 व्यक्ति घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से 02 घायलों को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि 04 घायलों को प्राथमिक उपचार के उपरान्त हायर सेंटर रेफर किया गया है।
घायलों का विवरण—
1. उम्मेद सिंह राणा पुत्र श्री चंद्र सिंह राणा, उम्र 52 वर्ष, निवासी ग्राम रांसी, कोतवाली ऊखीमठ, जनपद रुद्रप्रयाग।
2. राजेंद्र सिंह पुत्र श्री चंद्र सिंह, उम्र 56 वर्ष, निवासी ग्राम रांसी, कोतवाली ऊखीमठ, जनपद रुद्रप्रयाग।
हायर सेंटर रेफर श्रीनगर (04)
3. लविश राणा पुत्र श्री दिलीप सिंह राणा, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम रांसी, कोतवाली ऊखीमठ, जनपद रुद्रप्रयाग।
4. कु. वंशिका पुत्री श्री आशीष रावत, उम्र 08 वर्ष, निवासी ग्राम कांथा, कोतवाली ऊखीमठ, जनपद रुद्रप्रयाग।
5. श्रीमती उर्मिला देवी पत्नी श्री भरत सिंह राणा, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम चिलौंड, कोतवाली गुप्तकाशी, जनपद रुद्रप्रयाग।
6. श्रीमती पूजा पत्नी श्री आशीष रावत, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम कांथा, कोतवाली ऊखीमठ, जनपद रुद्रप्रयाग।
मृतकों का विवरण—
1. कुंवर सिंह पुत्र श्री बच्चन सिंह, उम्र 60 वर्ष, निवासी ग्राम रांसी, ऊखीमठ, जनपद रुद्रप्रयाग।
2. मदन सिंह पुत्र श्री मोहन सिंह, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम रांसी, ऊखीमठ, जनपद रुद्रप्रयाग।
3. सूरत सिंह पुत्र श्री भीम सिंह, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम देड़ा, ऊखीमठ, जनपद रुद्रप्रयाग।
4. बलवीर सिंह पुत्र श्री बिहारी सिंह, उम्र 70 वर्ष, निवासी ग्राम दादा गैड़ बस्ती, रांसी, ऊखीमठ, जनपद रुद्रप्रयाग।
पुलिस, एसडीआरएफ एवं डीडीआरएफ की टीमों द्वारा आपसी समन्वय और स्थानीय जनसहयोग के साथ राहत एवं बचाव कार्य किया गया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।



