ऋषिकेश-बदरीनाथ मार्ग पर गूलर के पास बस खाई में गिरी, छह की मौत, 25 से ज्यादा घायल
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के गूलर के पास सड़क हादसे में 25 से ज्यादा लोग हताहत
देहरादून/ऋषिकेश: उत्तराखंड में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को एक बड़े सड़क हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 25 से ज्यादा लोग घायल हो गए। यह हादसा मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत गूलर के पास हुआ।

बताते हैं कि हरिद्वार से जोशीमठ जा रही सवारियों से भरी विश्वनाथ सेवा की एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में करीब 30 लोग सवार बताए जा रहे हैं। वहीं अभी तक 4 मृतकों के शवों को निकाला जा चुका है। रेस्क्यू अभियान की निगरानी के लिए क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर और थाना प्रभारी मुनिकीरेती भी मौके पर मौजूद रहे।
इस हादसे की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलने पर मुनिकीरेती थाना पुलिस, गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकी का पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। इसके साथ ही एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया।
एसडीआरएफ की टीमों ने खाई में उतरकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और फायर सर्विस के जवान भी रेस्क्यू अभियान में जुटे हुए हैं। घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया जा रहा है, जहां से उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई।



