गर्मी से मिल सकती है राहत, बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने जारी किया पांच दिन का येलो अलर्ट

देहरादून: मौसम विभाग का अनुमान सही रहा तो आगामी दिनों में लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पिथौरागढ़, बागेश्वर और अल्मोड़ा जिले में 25 मई को हल्की बारिश हो सकती है। 26 मई को उधमसिंह नगर और हरिद्वार जिले को छोड़कर अन्य सारे जिलों में बारिश की संभावना है। 27 और 28 मई को पूरे राज्यभर में बारिश की संभावना है। साथ ही इन दो दिन बारिश की रफ्तार बढ़ सकती है।
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 24 मई से लेकर 28 मई तक बारिश प्रभावित जिलों में कहीं कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमक सकती है। साथ ही तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर तेज बौछार पड़ने की भी संभावना है। ऐसे में बारिश प्रभावित इलाकों में पांच दिन के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। साथ ही बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
देहरादून के तापमान का पूर्वानुमान भी दिन चढ़ने के साथ बदल रहा है। एक दिन पहले गुरुवार की सुबह देहरादून का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रहने की संभावना व्यक्त की गई थी। दिन चढ़ने केसाथ ही अधिकतम तापमान 37 डिग्री पहुंच गया था। उमस के चलते ये तापमान 42 डिग्री के करीब का तापमान महसूस हो रहा था।
इसी तरह शुक्रवार 24 मई की सुबह 11 बजे तापमान 31 डिग्री के करीब था, जो कि 34 डिग्री के करीब महसूस हो रहा था। उमस के चलते कूलर और पंखे भी काम नहीं कर पा रहे हैं। आज अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहने की संभावना है। 25 मई से लेकर 31 मई तक देहरादून में अधिकतम तापमान क्रमशः 37, 38, 38, 38, 39, 38, 38 डिग्री रहने की संभावना है। इसी तरह न्यूनतम तापमान हर दिन 26 डिग्री रह सकता है।