वृंदावन में स्टीमर डूबा, 10 श्रद्धालुओं की मौत
मथुरा: वृंदावन में 37 श्रद्धालुओं से भरी प्राइवेट नाव (स्टीमर) यमुना नदी में पलट गई। हादसे में 10 की डूबने से मौत हो गई। इनमें मां-बेटे, चाचा-चाची और बुआ-फूफा समेत एक ही परिवार के 7 सदस्य शामिल हैं। युवती समेत 5 लोग अभी भी लापता हैं। नाव में सवार सभी श्रद्धालु पंजाब से घूमने आए थे।
डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया, हादसा दोपहर करीब 3 बजे केसी घाट पर हुआ, जो श्रीबांके बिहारी मंदिर से करीब 2 किमी की दूरी पर है। रात 10 बजे तक आर्मी और NDRF रेस्क्यू में जुटी हैं। नाव को बाहर निकाल लिया गया है। लापता की तलाश चल रही है।
जिस जगह हादसा हुआ, वहां करीब 25 फीट पानी है। शुरुआती जांच से पता चला है कि नाव की क्षमता 40 श्रद्धालुओं की थी। लेकिन किसी श्रद्धालु ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी। पांटून पुल की रिपेयरिंग कर रहे लोगों और नाविकों ने कुछ लोगों ने बचा लिया था।
नाव पप्पू निषाद चला रहा था। उसने श्रद्धालुओं को जुगल घाट से बैठाया था। पप्पू को पुलिस ने 6 घंटे बाद हिरासत में ले लिया है।
नाव तट से करीब 50 फीट दूर यमुना नदी के बीच में थी। उस वक्त हवा करीब 40kmph स्पीड से चल रही थी। तेज हवा से नाव अचानक डगमगाने लगी। नाविक कंट्रोल खो बैठा। पर्यटकों ने नाविक से कहा, पुल आने वाला है, रोक लीजिए। लेकिन उसने नहीं रोका। 2 बार नाव टकराने से बची। तीसरी बार में टक्कर हो गई और नाव डूब गई।



