#uttarakhand newsउत्तराखंडकाम की खबरटीका-टिप्पणीपुस्तक लोकार्पण

प्रशासनिक फैसलों में नैतिक साहस और स्वतंत्र विवेक जरूरी: जे.एस. दीपक

दून पुस्तकालय में ‘आई डेयर्ड टू डायल डिफरेंटली’ पर लेखक आईएएस अधिकारी जेएस दीपक से संवाद

देहरादून: प्रशासनिक सेवा में केवल नियमों का पालन ही नहीं, बल्कि जनहित में स्वतंत्र विवेक और नैतिक साहस के साथ निर्णय लेना भी जरूरी है। कई बार व्यवस्था के भीतर रहते हुए प्रचलित कार्यशैली से अलग हटकर फैसले लेने पड़ते हैं। यह बात वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं पूर्व प्रशासक जे.एस. दीपक ने सोमवार को दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र में आयोजित लेखक संवाद में कही।

भारतीय लोक प्रशासन संस्थान (आईआईपीए), उत्तराखण्ड चैप्टर और दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में दीपक ने अपनी पुस्तक ‘आई डेयर्ड टू डायल डिफरेंटली’ के माध्यम से प्रशासनिक जीवन के अनुभव साझा किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्य सचिव एवं दून पुस्तकालय के मानद निदेशक एन. रवि शंकर ने की।

दीपक ने उत्तर प्रदेश में सर्व शिक्षा अभियान के दौरान अनियमितताओं के विरुद्ध कार्रवाई, प्रभावशाली लोगों से जुड़े विद्यालयों के मामले तथा दूरसंचार विभाग में संयुक्त सचिव रहते हुए 2जी प्रकरण के बाद की परिस्थितियों और 3जी स्पेक्ट्रम नीलामी से जुड़े अनुभवों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक निर्णयों के पीछे संस्थागत दबाव, विभिन्न स्तरों पर विचार-विमर्श और जनहित से जुड़े अनेक पहलू होते हैं। पुस्तक में इन अनुभवों को सहज और व्यंग्यात्मक शैली में प्रस्तुत किया गया है।

एन. रवि शंकर ने कहा कि प्रशासनिक अनुभवों को सार्वजनिक विमर्श का हिस्सा बनाना महत्वपूर्ण है। ऐसी पुस्तकें युवा अधिकारियों और प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को व्यवस्था की व्यावहारिक चुनौतियों और जवाबदेही को समझने में मदद करती हैं।

संवाद के दौरान राजनीतिक एवं संस्थागत दबावों के बीच प्रशासनिक निष्पक्षता, स्थानांतरण-पदस्थापन, अधिकारियों की जवाबदेही और लोकसेवा में नैतिक मूल्यों की भूमिका पर भी सवाल-जवाब हुए।

कार्यक्रम में पंकज नैथानी, डी.के. पाण्डे, डॉ. लालता प्रसाद, लक्ष्मी प्रसाद बडोनी, सुंदर सिंह बिष्ट, जे.बी. गोयल, चन्द्रशेखर तिवारी, एन.एस. रावत, कल्याण बुटोला, डॉ. हर्ष मणि भट्ट, बी.एस. रावत, आलोक सरीन, निधि सूद, देवेन्द्र काण्डपाल, दिनेश भट्ट और नरेन्द्र सिंह सहित आईआईपीए के सदस्य, प्रशासनिक अधिकारी तथा शहर के अनेक प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button