#uttarakhand newsउत्तराखंडदुर्घटना

तिलवाड़ा में खाई में गिरी एसयूवी, पांच घायल

60 मीटर गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त वाहन से पुलिस और एसडीआरएफ ने सभी घायलों का सुरक्षित रेस्क्यू

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के समीप रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। उत्तर प्रदेश नंबर की एक एसयूवी अनियंत्रित होकर करीब 50 से 60 मीटर गहरी खाई में गिरकर नदी किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाहन में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 5:10 बजे जिला नियंत्रण कक्ष रुद्रप्रयाग को दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही अगस्त्यमुनि से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पवार के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि वाहन संख्या यूपी-16 डीके-0856 (एसयूवी 700) सड़क से नीचे गहरी खाई में गिरकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। वाहन में सवार सभी लोग घायल अवस्था में सहायता की प्रतीक्षा कर रहे थे।

घटनास्थल की विषम परिस्थितियों और खाई की गहराई को देखते हुए एसडीआरएफ, पुलिस एवं स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीम रस्सियों के सहारे खड़ी ढलानों से नीचे उतरी और घायलों तक पहुंच बनाई। इसके बाद सभी घायलों को स्ट्रेचर और रस्सियों की मदद से सुरक्षित खाई से बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया।

हादसे में घायल लोगों की पहचान प्रिंस सिंह (30) निवासी पलामू, झारखंड, सभीमा सिंह (28) निवासी पश्चिम बंगाल, सुजोन मुखर्जी (27) निवासी जलपाईगुड़ी, ऋजा मुखर्जी (30) निवासी जलपाईगुड़ी तथा चालक प्रदीप कुमार (35) निवासी औरैया, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि खाई की गहराई और दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए किसी बड़े नुकसान की आशंका थी, लेकिन पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय नागरिकों की त्वरित कार्रवाई से सभी यात्रियों की जान बच गई। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा, पांच लोगों को मिला नया जीवन।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button