बीजेपी ऑफिस ‘अपनों’ ने ही खोला ‘मोर्चा’, कैबिनेट मंत्री से जताई नाराजगी
बीजेपी ऑफिस पहुंचे कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार समेत विकास के मामलों पर कैबिनेट मंत्री के सामने अपनी बात रखी
देहरादून: बीजेपी दफ्तर में पहुंचकर चौबट्टाखाल विधानसभा के लोगों ने रविवार को विकास कार्यों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। अपनी विधानसभा से विधायक और सरकार में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के सामने उन्होंने भ्रष्टाचार से लेकर दूसरे तमाम विकास कार्यों में हो रही हीलाहवाली को लेकर अपनी बात रखी। कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार समेत कई मामलों को लेकर अपनी शिकायतें मंत्री के सामने रखीं और समस्याओं के समाधान की मांग की।

आमतौर पर भाजपा कार्यालय पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठकों और सरकार की उपलब्धियों के बखान से गुलजार रहता है, लेकिन रविवार को यहां पार्टी से जुड़े कुछ कार्यकर्ता और बीरोंखाल क्षेत्र के स्थानीय निवासी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। खास बात यह रही कि इसी दौरान चौबट्टाखाल विधायक और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज भी भाजपा कार्यालय पहुंचे हुए थे। ऐसे में कार्यकर्ताओं ने सीधे उनके सामने ही क्षेत्र की समस्याओं को रखा।
स्थानीय लोगों का कहना था कि चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में विकास कार्य अपेक्षा के अनुरूप नहीं हो रहे हैं। इसके साथ ही कुछ मामलों में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की शिकायतें भी सामने आई हैं। उनका आरोप है कि इन मामलों को लेकर लगातार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के स्तर पर शिकायतें की गईं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो पाई। इसी नाराजगी के चलते वह एक बार फिर अपनी बात रखने के लिए भाजपा कार्यालय पहुंचे।
बीरोंखाल क्षेत्र से पहुंचे एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया उनके क्षेत्र में विकास कार्यों से जुड़े कई गंभीर मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा इन मामलों को लेकर वह मुख्यमंत्री से भी मुलाकात कर चुके हैं। क्षेत्रीय विधायक सतपाल महाराज के सामने भी अपनी बात रखी जा चुकी है। इसके बावजूद अभी तक मामले में कोई ठोस सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने जांच की मांग की।
स्थानीय निवासी का कहना था कि क्षेत्र की जनता विकास कार्यों में पारदर्शिता चाहती है, जिन मामलों को लेकर शिकायतें सामने आई हैं। उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके। उनका कहना था कि वह किसी राजनीतिक विरोध के तहत नहीं, बल्कि क्षेत्र के हित और समस्याओं के समाधान के लिए अपनी बात रखने भाजपा कार्यालय पहुंचे हैं।
भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं के इस तरह अपनी नाराजगी जाहिर करने के बाद कुछ समय के लिए असमंजस की स्थिति भी बनी। हालांकि कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कार्यकर्ताओं से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। महाराज ने मामले को आपसी समन्वय की कमी से जुड़ा बताया। उन्होंने कहा पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत कर ली गई है। उनकी मांगों पर आगे कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया गया है।



