नीट पेपर लीक मामले में पांच गिरफ्तार
जयपुर: NEET UG 2026 में गड़बड़ी और कथित पेपर लीक के मामले में अब सरगर्मियां बढ़ गई हैं। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने NEET UG-2026 परीक्षा से जुड़ी अनियमितताओं और कथित पेपर लीक मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एजेंसी ने देशभर में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया है। सीबीआई ने 12 मई को भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग से प्राप्त लिखित शिकायत के आधार पर यह मामला दर्ज किया था। शिकायत में NEET UG-2026 परीक्षा के संचालन में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोप लगाए गए थे। सीबीआई की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि कथित पेपर लीक से जुड़े सभी पहलुओं की तकनीकी और फॉरेंसिक विश्लेषण के माध्यम से गहन जांच कर रही है।
3 आरोपी जयपुर से, 1-1 नासिक, गुरुग्राम से पकड़ा: सीबीआई की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि इस मामले को लेकर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक न्यास भंग सहित अन्य संबंधित धाराओं, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम तथा सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 के तहत दर्ज की गई है। अब तक सीबीआई ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन आरोपी जयपुर से, एक गुरुग्राम से और एक महाराष्ट्र के नासिक से गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा कई अन्य संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
देश में कई जगह की छापेमारी: जांच एजेंसी ने देशभर में कई स्थानों पर छापेमारी भी की है। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर आगे भी तलाशी और अन्य जांच कार्रवाई जारी है। तलाशी और गिरफ्तारी के दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, जिनमें मोबाइल फोन भी शामिल हैं, जब्त किए गए हैं। सीबीआई इस मामले में राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) के साथ भी समन्वय कर रही है, जिसने पहले इस मामले में प्रारंभिक जांच की थी।
जयपुर में मुंह छिपाते दिखे आरोपी: सीबीआई ने कथित पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर शुभम खैरनार को नासिक से, मांगीलाल बिंवाल, विकास बिंवाल और दिनेश बिंवाल को जयपुर से और यश यादव को गुरुग्राम से पकड़ा है। जयपुर में 4 आरोपियों को सीबीआई एसओजी मुख्यालय से दुर्गापुरा स्थित न्यायाधीश के घर लेकर पहुंची. चारों को पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया है। अब इन्हें दिल्ली ले जाकर गहनता से पूछताछ की जाएगी। पेशी के दौरान आरोपी रुमाल से मुंह छिपाते नजर आए।



