संसद में गूंजा नीट पेपर लीक का मुद्दा, कार्यवाही स्थगित
- नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र में सोमवार को लोकसभा में नीट पेपर लीक और राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दों पर विपक्षी सांसदों ने जमकर हंगामा किया। विपक्षी सांसद स्पीकर ओम बिरला के आसन तक पहुंच गए। इस दौरान नारेबाजी भी की गई। इसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि नारेबाजी से सदन की मर्यादा नहीं बढ़ती।
बिरला ने कहा कि सदन के अंदर सार्थक चर्चा होनी चाहिए। बता दें कि विपक्षी सांसद राम मंदिर चढ़ावा चोरी और नीट पेपर लीक पर चर्चा की मांग कर रहे थे। ओम बिरला ने कहा कि सभी को उचित नियमों के तहत मौका मिलेगा। सदन की मर्यादा बनाए रखें। नारेबाजी और तख्तियां लहराना उचित नहीं है। विपक्षी सांसद स्पीकर के आसन के पास जाकर नारेबाजी कर रहे थे। हंगामा सदन की कार्यवाही शुरू होते ही शुरू हो गया।
छात्रों को मारने की कोशिश कर रही है सरकार : खरगे
वहीं, राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जंतर-मंतर पर हुए लाठीचार्ज का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यह छात्रों के भविष्य का मामला है। हजारों छात्र वहां पहुंचे थे और उन पर लाठीचार्ज किया गया। सरकार छात्रों को मारने की कोशिश कर रही है। सरकार उनकी आवाज को दबाने और उन्हें कुचलने की कोशिश कर रही है। उनके इस बयान के बाद सदन में हंगामा होने लगा। इसके बाद राज्यसभा की कार्यवाही भी दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
खरगे ने पहले ही कहा था कि मानसून सत्र में कांग्रेस पार्टी किन मुद्दों को उठाएगी। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस पार्टी और साझा विपक्ष जनता की आवाज बनकर मोदी सरकार से हर सवाल का जवाब मांगेगा। राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी हो या फिर पेपर लीक, हर मुद्दे पर सरकार से सवाल किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि 2014 से अब तक 152 पेपर लीक हुए हैं और 25 छात्रों ने अपनी जान गंवाई है। साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने की मांग भी की।
13 अगस्त तक चलेगा संसद का मानसून सत्र
संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से 13 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान सरकार कई अहम विधेयक (बिल) पेश करने की तैयारी में है। परिसीमन से संबंधित विधेयक भी इसी सत्र में लाया जा सकता है। इसके अलावा कई अन्य महत्वपूर्ण बिलों पर भी चर्चा और पारित होने की संभावना है।



